
दुर्ग। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उतई पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब (5.4 बल्क लीटर) जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुक्तिधाम रोड पतोरा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही उतई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक प्लास्टिक थैली में रखी 30 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यवीर खुटियारे (38 वर्ष), निवासी गोडपेंडरी, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अधिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा था।
इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक अनिल कुमार पटेल, प्रधान आरक्षक मनीष थापा, आरक्षक महेश यादव और आरक्षक राजीव दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब, नशे के कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।