
रायपुर। छत्तीसगढ़ी रैपर एप्पी राजा (चेतन चांडक) का रायपुर के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से संगीत जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
नवागढ़ में जन्मे एप्पी राजा ने बचपन से ही कई कठिनाइयों का सामना किया। आर्थिक तंगी के कारण उन्हें पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ी और परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के लिए विभिन्न शहरों में काम करना पड़ा। संघर्षों के बीच उन्होंने संगीत को नहीं छोड़ा और छत्तीसगढ़ी रैप को अपनी अलग पहचान दिलाई।
कक्षा 7वीं में पहला रैप लिखने वाले एप्पी राजा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर युवाओं के बीच खास जगह बनाई। उनके गानों को सोशल मीडिया और यूट्यूब पर खूब पसंद किया जाता था। उनका जीवन संघर्ष, मेहनत और सपनों को पूरा करने की प्रेरणादायक मिसाल माना जाता है। उनके असमय निधन से छत्तीसगढ़ी संगीत जगत ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है।