नायब तहसीलदार पर दुष्कर्म का आरोप, 15 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं; पीड़िता ने पुलिस पर लगाया आरोपी को बचाने का आरोप




रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में पदस्थ एक नायब तहसीलदार के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई को गंज थाने में दर्ज शिकायत में पीड़िता ने सूरजपुर जिले में पदस्थ नायब तहसीलदार शैलेंद्र दिवाकर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने विवाह का भरोसा दिलाकर उसके साथ नजदीकियां बढ़ाईं।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी उसे रायपुर के एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए गए। बाद में जब पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उसका कहना है कि आरोपी के परिजन लगातार पुलिस के संपर्क में हैं और मामले को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उसने पुलिस पर भी आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाया है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस की ओर से आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *