
कबीरधाम जिले में दीपावली पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव ने कवर्धा शहर के सरदार पटेल मैदान में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, डीएसपी मुख्यालय आशीष शुक्ला और सिटी कोतवाली पुलिस की टीम भी मौजूद रही।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पटाखा दुकानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा और आग से बचाव के इंतजामों की जांच की। उन्होंने दुकानदारों को प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने को कहा।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पटाखा दुकानों के आसपास लगातार निगरानी रखने, भीड़ और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने तथा खरीदारी के लिए पहुंचने वाले महिला-पुरुषों और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कबीरधाम पुलिस ने दुकानदारों और जिलेवासियों से अपील की है कि दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और सावधानी के साथ त्योहार मनाएं। पुलिस का उद्देश्य दीपावली पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
