अमलेश्वर में सूने मकान चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद



दुर्ग। अमलेश्वर थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी, नगदी, मोबाइल फोन सहित चोरी की रकम से खरीदी गई स्कूटी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 8.22 लाख रुपये बताई जा रही है।


पुलिस के अनुसार, ग्राम मोतीपुर निवासी प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 25 से 29 जनवरी 2026 के बीच घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर का दरवाजा और ताले टूटे मिले तथा अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नगदी चोरी हो चुकी थी। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रात के समय सूने मकानों को निशाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी करना स्वीकार किया।
मुख्य आरोपी खिलेश दास मानिकपुरी ने अपने साथी भुनेश्वर यादव के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए जेवर तीसरे आरोपी तुलेश्वर सोनकर को बेचने के लिए दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवर, नगदी, मोबाइल फोन, स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सुनसान घरों को निशाना बनाते थे और चोरी की रकम से वाहन भी खरीद लिए थे। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि लंबे समय तक घर खाली छोड़ने पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और पड़ोसियों या स्थानीय पुलिस को सूचना दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *