
कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रिटायर्ड एएसआई के घर एक बार फिर चोरों ने धावा बोल दिया। परिवार के बेटे की बारात में शामिल होने के दौरान सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरों ने दरवाजा तोड़कर लाखों रुपए के सामान और नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, सीएसईबी कॉलोनी निवासी रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार के घर अज्ञात चोरों ने दूसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार घर से बाहर था। मौके का फायदा उठाकर चोर घर में घुसे और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की गई। साथ ही डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया है, जो सुराग जुटाने में लगी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी घर में करीब 10 लाख रुपए की चोरी हो चुकी है, जिसमें सोने-चांदी के जेवर और नगदी शामिल थे। उस मामले में अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।