
दुर्ग। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रशासन के सामने रखा। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 140 आवेदन प्राप्त हुए।
जनदर्शन में प्रमुख रूप से अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार और आर्थिक सहायता जैसी समस्याएं सामने आईं।
जुनवानी-खम्हरिया मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित वार्ड क्रमांक 1 के निवासियों ने पुनर्व्यवस्थापन की मांग की। उनका कहना है कि प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से कई वर्षों से बसे मकान और दुकान प्रभावित होंगे। इस पर लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कोलिहापुरी के किसानों ने खेतों में जल निकासी नहीं होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि एक निजी कॉलोनी के निर्माण के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई है, जिससे करीब 100 किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। इस मामले में तहसीलदार को निरीक्षण कर समाधान करने को कहा गया।
वृंदा नगर बोरसी के रहवासियों ने नाले का गंदा पानी सीधे तालाब में जाने की शिकायत की। इससे पानी दूषित हो रहा है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। नगर निगम को स्थायी समाधान के लिए निर्देश दिए गए हैं।
धमधा नाका अंडरब्रिज और सिंधिया नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और सड़क सीमेंटीकरण की मांग भी उठाई गई। अंधेरे और खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस पर एनएचएआई को निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा उतई स्थित द्रोणाचार्य विद्यालय परिसर में अवैध कब्जे की शिकायत भी सामने आई। परिसर में पान ठेले और अन्य दुकानों के संचालन से छात्रों और शिक्षकों को परेशानी हो रही है। इस पर संबंधित नगर पंचायत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी मामलों में जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके।

