
दुर्ग । पेप्सी कंपनी के मैनेजर एवं उसके साथियों पर जानलेवा हमला करने के मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट, चाकू, डंडा एवं स्कूटी वाहन जप्त किया गया है।
दिनांक 25.01.2026 को रवि रंजन, उम्र 42 वर्ष, निवासी कैम्प-1, थाना छावनी द्वारा थाना वैशालीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह पेप्सी कंपनी भिलाई के डिस्ट्रीब्यूटर अंकित यादव के सुंदरनगर स्थित गोदाम में अपने साथियों के साथ मौजूद था। उसी परिसर में स्थित सेलिब्रेशन प्वाइंट रिसोर्ट में आयोजित पार्टी के दौरान रात्रि लगभग 09:15 बजे कुछ युवक परिसर के बाहर आपस में झगड़ा एवं गाली-गलौज कर रहे थे।
प्रार्थी एवं उसके साथियों द्वारा रिसोर्ट संचालक से संपर्क कर परिसर की बाहरी लाइट बंद करवाई गई, जिससे उक्त युवक आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद आरोपियों ने डंडा, चाकू, बेसबॉल बैट एवं पत्थरों से प्रार्थी व उसके साथियों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बाहर खड़ी बोलेरो पिकअप वाहन का कांच, बुलेट मोटरसाइकिल का वाइजर तथा बिजली मीटर को तोड़-फोड़ कर क्षतिग्रस्त किया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना वैशालीनगर में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4), 109, 190, 191(2), 191(3), 3(5) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। विवेचना के दौरान घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म अवलोकन कर आरोपियों की पहचान की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सूरज गुप्ता एवं योगेश गुप्ता सहित कुल 05 आरोपियों (जिसमें 03 अपचारी बालक शामिल हैं) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से घटना में प्रयुक्त हथियार एवं वाहन जप्त कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी वैशालीनगर निरीक्षक प्रशांत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक धर्मेन्द्र देवांगन, प्रधान आरक्षक संतोष शर्मा, आरक्षक कपिल चौधरी एवं रवि कुमार का विशेष योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी :
1 सूरज गुप्ता उर्फ गोलू, उम्र 26 वर्ष
निवासी – स्टेशन मड़ौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग
2 योगेश गुप्ता उर्फ बमबम, उम्र 18 वर्ष 03 माह
निवासी – कैम्प-1, वृन्दा नगर, थाना वैशालीनगर
03 अपचारी बालक