
दुर्ग । ऑपरेशन विश्वास अभियान के अंतर्गत दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध बड़ी सफलता प्राप्त की है। थाना खुर्सीपार पुलिस द्वारा अवैध रूप से गांजा बिक्री करते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 28.01.2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मछली मार्केट, देवार बस्ती क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान आरोपी को गांजा बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम चन्द्रपाल देवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी देवार बस्ती, खुर्सीपार बताया। आरोपी के कब्जे की विधिवत तलाशी लेने पर 01 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹90,000/- आंकी गई है।
इस संबंध में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 38/2026 धारा 20(ख) नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध शून्य सहनशीलता की नीति के तहत लगातार सख्त एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नारकोटिक्स एक्ट के अंतर्गत कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
आरोपी
नाम – चन्द्रपाल देवार
उम्र – 25 वर्ष
निवासी – देवार बस्ती, खुर्सीपार