कबीरधाम पुलिस का जुआ और अवैध शराब पर एक्शन, 6 जुआरियों से 88,800 रुपये जब्त

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने जिले में जुआ, अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की है। साइबर टीम एवं चौकी पोड़ी पुलिस ने ग्राम कुसुमघटा बाजार के पास जुआ खेल रहे 6 लोगों को गिरफ्तार कर 88,800 रुपये नकद जब्त किए।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोकुल मरकाम, अनिकेत चंद्रवंशी, निपेंद्र निर्मलकर, राजेंद्र निषाद, सनत कुमार वर्मा एवं सागर प्रसाद जायसवाल के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई।

वहीं, थाना कवर्धा पुलिस ने ग्राम कुटकीपारा में जुआ खेल रहे तीन आरोपियों को पकड़कर 4,280 रुपये और ताश की 52 पत्तियां जब्त कीं।

इसके अलावा पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने के मामलों में भी कार्रवाई की। दशरंगपुर चौकी ने 6,120 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की, जिसकी कीमत 2,720 रुपये बताई गई है।

पिपरिया, पंडरिया, कवर्धा और पोड़ी पुलिस ने भी अलग-अलग मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

रोजनामचा न्यूज़ | सिर्फ सच और कुछ नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *