

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद समाज के लिए अनमोल धरोहर है। उनके संस्कार और जीवनभर का ज्ञान नई पीढ़ी को सही दिशा देने का काम करते हैं। वे कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित छत्तीसगढ़ वरिष्ठ नागरिक कॉन्फेडरेशन के सातवें प्रादेशिक सम्मेलन-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ‘अनुभूति’ पत्रिका का विमोचन भी किया।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि कवर्धा में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से सियान सदन का निर्माण कराया जा रहा है। यहां वरिष्ठ नागरिकों के लिए कैरम, शतरंज, अध्ययन और आपसी मेलजोल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भविष्य में वरिष्ठजनों के घर से सियान सदन आने-जाने के लिए बैटरी चलित छोटे वाहन की व्यवस्था करने की योजना भी है।


उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश और मोबाइल-सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच वरिष्ठजनों का अनुभव और संस्कार समाज को मजबूती प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने सम्मेलन में शामिल वरिष्ठ नागरिकों से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने की बात कही।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, कॉन्फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश देवरस, महासचिव धनेश सोलंकी सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
रोजनामचा न्यूज़ | सिर्फ सच और कुछ नहीं