कबीरधाम पुलिस ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक, साइबर अपराध और गुड टच-बैड टच की दी जानकारी

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अशोका पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, बाल अधिकार, गुड टच-बैड टच, नशामुक्ति और यातायात नियमों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, संदिग्ध लिंक से बचने और OTP व पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही ऑनलाइन गेमिंग, साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग से बचाव के उपाय बताए।

बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, गुड टच-बैड टच की पहचान और किसी भी अनुचित व्यवहार की जानकारी अभिभावकों या शिक्षकों को देने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अलावा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। पुलिस ने हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग और निर्धारित आयु व वैध लाइसेंस के बाद ही वाहन चलाने की समझाइश दी।

कार्यक्रम में स्कूल के प्रिंसिपल, डायरेक्टर, शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कबीरधाम पुलिस ने बताया कि विद्यार्थियों को जागरूक और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।

रोजनामचा न्यूज़ | सिर्फ सच और कुछ नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *