

दुर्ग । दुर्ग पुलिस ने अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए आज सुबह जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में बड़ा सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया।
सुबह करीब 5 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई में भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी समेत तीन थाना प्रभारियों की संयुक्त पुलिस टीम कॉलोनी में पहुंची। पुलिस जवानों ने घर-घर जाकर वहां रह रहे लोगों की जानकारी ली और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध और अनधिकृत रूप से रह रहे लोगों की जानकारी भी जुटाई गई। साथ ही, ऐसे आवासों की भी जानकारी संकलित की गई, जिन्हें नियमों के विपरीत किराये पर दिए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस का फोकस गुंडा-बदमाश और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के संभावित ठिकानों और छिपने की जगहों की निगरानी पर भी रहा। सत्यापन के बाद नियमों के विपरीत पाए गए मामलों की जानकारी नगर निगम को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
दुर्ग पुलिस ने साफ किया है कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए इस तरह की सरप्राइज चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। वहीं, मकान किराये पर देने से पहले किरायेदार की पहचान और जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन जरूर कराएं।

