सीसीटीवी से अपराध रोकथाम में मदद करने वाले जागरूक नागरिक सम्मानित, दुर्ग पुलिस ने की सहयोग की अपील

दुर्ग ।दुर्ग पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अपराधियों की पहचान में सहयोग करने वाले जागरूक नागरिकों को सम्मानित किया है। नेहरू नगर और मुकुट नगर क्षेत्र में अपने स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर पुलिस की मदद करने वाले नागरिकों को पुलिस ने सम्मानित किया।

इन इलाकों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से झपटमारी की घटनाओं में आरोपियों की पहचान और उनकी पतासाजी में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। फुटेज के जरिए आरोपियों की गतिविधियों और घटनाओं से जुड़े साक्ष्य मिलने से जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई में भी तेजी आई।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की इस पहल को अपराध रोकथाम में महत्वपूर्ण सहयोग बताया है। सम्मानित होने वाले नागरिकों में नेहरू नगर से सर्वेश अग्रवाल और अमन सोनकर, मुकुट नगर से राजेश कुमार सोनी और संजय सिंह, जबकि दीपक चन्द्रयान शामिल हैं।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठानों के आसपास गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की है, ताकि महत्वपूर्ण प्रवेश और निकास मार्ग कैमरों की निगरानी में रहें। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की भी अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *