
दुर्ग । दुर्ग के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र से ठगी का एक पुराना मामला सामने आया है। संभाग आयुक्त कार्यालय में चपरासी की नौकरी लगाने का झांसा देकर दो लोगों से कुल 5 लाख रुपये लेने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शिकायत वर्ष 2018 में दर्ज हुई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट, लेनदेन का वीडियो और लोन से जुड़े दस्तावेज जुटाए। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शमीम खान को 13 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी को भी पैसे देने से पहले नियुक्ति प्रक्रिया और संबंधित विभाग की पूरी जानकारी जरूर जांच लें।