
उत्कृष्ट टर्नआउट वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं पेशेवर कार्यशैली को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।
कबीरधाम ।कबीरधाम जिला के पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में कबीरधाम पुलिस द्वारा पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता, सजगता एवं पेशेवर कार्यशैली को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनरल परेड का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में आज दिनांक 11.09.2026, शुक्रवार को प्रातः 06:00 बजे न्यू पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित जनरल परेड की पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा सलामी ली गई तथा परेड का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
परेड निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट, वर्दी की सुसज्जता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता, परेड संबंधी मानकों एवं समग्र तैयारी का बारीकी से निरीक्षण किया गया। उन्होंने उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय टर्नआउट प्रस्तुत करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर तैयारी एवं टर्नआउट के साथ परेड में उपस्थित होने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री यादव ने कहा कि पुलिस बल की पहचान उसकी वर्दी, अनुशासन, सजगता और पेशेवर कार्यशैली से होती है। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी का व्यक्तित्व एवं टर्नआउट आमजन के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली एवं अनुशासन की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को समयबद्धता, अनुशासन एवं कर्तव्य के प्रति पूर्ण समर्पण बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।
जिन अधिकारी-कर्मचारियों का टर्नआउट निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया, उन्हें भविष्य में पूर्ण तैयारी एवं बेहतर टर्नआउट के साथ परेड में उपस्थित होने हेतु कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही वर्दी संबंधी निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने एवं पुलिस बल की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
शासकीय पुलिस वाहनों के रखरखाव का भी किया बारीकी से निरीक्षण।
जनरल परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा शासकीय पुलिस वाहनों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। उन्होंने वाहनों की साफ-सफाई, रखरखाव, तकनीकी स्थिति एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता का जायजा लिया। वाहन शाखा प्रभारी एमटीओ को जिले के समस्त शासकीय वाहनों को नियमित रूप से दुरुस्त एवं ड्यूटी के लिए सदैव तैयार रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कानून-व्यवस्था, आपातकालीन परिस्थितियों एवं अन्य आवश्यक पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी के कारण कार्य प्रभावित न हो।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पुलिस वाहनों की बेहतर स्थिति एवं समय पर रखरखाव त्वरित पुलिसिंग एवं प्रभावी रिस्पांस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए वाहनों के नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जनरल परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक श्री पुष्पेंद्र सिंह द्वारा किया गया। परेड का संचालन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंजू कुमारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री प्रशांत देवांगन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्रीमती अपूर्वा क्षत्रिय सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
परेड के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन, शारीरिक क्षमता, सजगता एवं पेशेवर उत्कृष्टता को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। सभी अधिकारी-कर्मचारियों को कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन को बेहतर एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने हेतु प्रेरित किया गया।