
दुर्ग। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र में लूट के प्रयास के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की रात करीब 7:35 बजे इंटरप्राइजेस गोदाम के पास दो अज्ञात युवकों ने एक व्यक्ति को रोककर धारदार हथियार दिखाते हुए नगदी लूटने का प्रयास किया। पीड़ित की शिकायत पर पुलगांव थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद टामन साहू उर्फ डायमंड (19 वर्ष), निवासी शीतला बस्ती, मोहन नगर को गिरफ्तार किया गया। साथ ही एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार भी जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने नगदी लूटने के इरादे से वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई जारी है। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।