
दुर्ग। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नंदिनी नगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से देशी शराब और नगदी जब्त की गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गिरहोला में आनंद ढाबा के पीछे नहर किनारे दो व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम कुमार टंडन (30 वर्ष) और समीर बंजारे (21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम गिरहोला के रूप में हुई है। उनके कब्जे से 30 पौवा देशी मदिरा (लगभग ₹3,000) और ₹1,300 नगद बरामद किए गए। कुल जब्ती की कीमत करीब ₹4,300 आंकी गई है।
मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से शराब बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब, नशे, जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें और ऐसी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि सख्त कार्रवाई की जा सके।