
दुर्ग । छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। पश्चिमी विक्षोभ, द्रोणिका और चक्रवाती सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 48 घंटों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।
बिलासपुर में बारिश से तापमान में गिरावट
बिलासपुर में रविवार सुबह तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इससे तापमान में साफ गिरावट दर्ज की गई। जहां पहले तापमान 37.8 डिग्री था, वहीं यह घटकर 34.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिनभर बादल छाए रहने से मौसम सुहावना हो गया और लोग घूमने-फिरने के लिए बाहर निकले।
रायपुर में भी अलर्ट जारी
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने सोमवार को आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
अन्य जिलों का हाल
अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री रहा। बिलासपुर में 3.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। हवा में नमी 41 से 54 प्रतिशत के बीच रही, जिससे कुछ जगहों पर हल्की उमस भी महसूस हुई।
अगले 48 घंटे रहेंगे अहम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 6 और 7 अप्रैल को मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है। 8 अप्रैल को बारिश दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगी। प्रशासन ने खासकर किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।