जेलों में वीडियो कॉलिंग की सुविधा शुरू, बंदी अब परिजनों से आमने-सामने जुड़ेंगे

रायपुर । रायपुर में जेल सुधार की दिशा में एक अहम पहल की गई है। जेल मुख्यालय ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के साथ समझौता कर राज्य की सभी 33 जेलों में वीडियो और ऑडियो कॉलिंग सिस्टम शुरू करने का निर्णय लिया है।
उप मुख्यमंत्री एवं जेल मंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत अब बंदी अपने परिवारजनों और वकीलों से न सिर्फ बात कर सकेंगे, बल्कि वीडियो कॉल के माध्यम से उन्हें देख भी पाएंगे। फिलहाल प्रदेश की केवल 17 जेलों में ऑडियो कॉल की सुविधा उपलब्ध है।
नई प्रणाली में बंदियों को पहले से निर्धारित नंबरों पर ही कॉल करने की अनुमति होगी। जेल अधिकारियों का मानना है कि परिवार से दूरी के कारण बंदियों में तनाव और अवसाद बढ़ता है, ऐसे में यह सुविधा उनके मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और उनके व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेगी।
प्रदेश की जेलों में वर्तमान में 22 हजार से अधिक कैदी बंद हैं। कॉलिंग सुविधा के लिए शुल्क भी तय किया गया है—ऑडियो कॉल 1 रुपये प्रति मिनट और वीडियो कॉल 5 रुपये प्रति मिनट की दर से उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *