रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: केलो विहार में चल रहे देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार


रायगढ़
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शहर के पॉश इलाके केलो विहार में संचालित एक देह व्यापार गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर की गई इस रेड से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।


पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि केलो विहार स्थित एक किराए के मकान में बाहर से महिलाओं को बुलाकर अनैतिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में चक्रधरनगर थाना पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सुनियोजित तरीके से छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मौके से आपत्तिजनक सामग्री एवं कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी किराए का मकान लेकर संगठित रूप से देह व्यापार का संचालन कर रहे थे।
मामले में थाना चक्रधरनगर में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत धारा 3, 4 एवं 5 में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संपर्कों की तलाश में आगे की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि रायगढ़ जिले में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं तथा आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *