पुरानी घरेलू सहायिका ने भरोसा तोड़कर की लाखों की चोरी, 24 घंटे के भीतर आरोपी महिला गिरफ्तार

दुर्ग । घर में चोरी के एक मामले में थाना पद्मनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घरेलू कामकाज करने वाली महिला आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी द्वारा लंबे समय से परिचित होने और घर का विश्वास जीतने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में मामले का सफल खुलासा करते हुए लगभग 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण बरामद कर विधिवत जप्त किए हैं।
थाना क्षेत्र अंतर्गत पद्मनाभपुर स्थित मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने स्थित एक आवास से सोने एवं हीरे के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 91/2026 धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर एक संदिग्ध महिला को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी महिला पूर्व से ही प्रार्थी के घर घरेलू कामकाज करती थी और इसी भरोसे का फायदा उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला के कब्जे से चोरी गए सोने-हीरे के आभूषण एवं अन्य सामग्री बरामद कर विधिवत जप्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरण के अन्य पहलुओं पर विवेचना जारी है।
घटना प्रार्थी के निवास पद्मनाभपुर स्थित HIG-157, मिनी क्रिकेट स्टेडियम के सामने घटित हुई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कविता देशलहरे, उम्र 36 वर्ष, निवासी स्टेशन मरोदा, थाना नेवई के रूप में हुई है।
बरामद एवं जप्त सामग्री में हीरे जड़ी सोने की चैन, दो मंगलसूत्र, एक नेकलेस, दो जोड़ी कान के झुमके, एक चांदी का करधन, एक बड़ी पायल, एक छोटी पायल एवं दो बिछिया शामिल हैं।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना पद्मनाभपुर के थाना प्रभारी राजकुमार लहरें सहित थाना स्टाफ की सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही से 24 घंटे के भीतर चोरी का सफल खुलासा किया गया।
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि घरेलू कार्य हेतु नियुक्त किसी भी कर्मचारी का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अपराध में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *