
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने ही पति के दो दोस्तों पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों और संपर्क करवाने वाली एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता का पति धारा 307 के मामले में जेल में बंद है। जेल जाने से पहले उसने पत्नी को अपने दोस्तों के संपर्क में रहने के लिए कहा था। इसी दौरान पति के एक दोस्त ने पीड़िता से मिलने की कोशिश की और इसके लिए उसने महिला की भाभी का सहारा लिया।
भाभी के माध्यम से परिचय होने के बाद आरोपी युवक पीड़िता के घर पहुंचा। वहां पहुंचने पर महिला ने देखा कि उसका दूसरा दोस्त पहले से ही घर के भीतर मौजूद है। आरोप है कि दोनों युवकों ने मिलकर महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
घटना के बाद पीड़िता तुरंत थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
दुर्ग एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों और संपर्क करवाने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि आरोपी महिला ने जानबूझकर पीड़िता और आरोपियों के बीच संपर्क करवाकर अपराध में बराबरी की भूमिका निभाई।
आरोपियों के खिलाफ 70(1), 115(2)-BNS, 127(2)-BNS और 332(b)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।