दादी सास की हत्या करने वाली बहू गिरफ्तार, 24 घंटे में नंदिनी नगर पुलिस ने किया खुलासा

भिलाई, 17 अक्टूबर। थाना नंदिनी नगर पुलिस ने ग्राम गोड़ी में हुई वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा मात्र 24 घंटे में कर दिया है। पुलिस ने मृतका की बहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामूली घरेलू विवाद इस हत्या का कारण बना।

घटना 16 अक्टूबर की है। ग्राम गोड़ी निवासी सुरेंद्र वर्मा ने थाना नंदिनी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी मां उर्मिला वर्मा घर में बहू रोशनी वर्मा के साथ थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य काम पर गए थे। दोपहर में पड़ोसी ने फोन कर बताया कि घर में कोई घटना हो गई है। जब वह घर पहुंचा तो उसकी मां बेडरूम में लहूलुहान हालत में मृत पड़ी थी। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और खून बह रहा था।

रिपोर्ट पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 261/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान संदेही बहू रोशनी वर्मा से पूछताछ की गई तो उसने अपराध करना स्वीकार किया। पूछताछ में बताया कि उसकी दादी सास अक्सर उसे खाना बनाने को लेकर ताने देती थी और उसके हाथ का बना खाना नहीं खाती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद आवेश में आकर उसने घर में रखे लोहे के हथौड़े से दादी सास उर्मिला वर्मा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा बरामद किया और आरोपी रोशनी वर्मा (21 वर्ष), निवासी ग्राम गोड़ी, थाना नंदिनी नगर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

नंदिनी नगर पुलिस की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से महज 24 घंटे में हत्या के इस मामले का पर्दाफाश हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *