पुलिस भर्ती में हाईट छूट दिलाने के नाम पर 30 हजार की ठगी, दो साल बाद आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। पुलिस भर्ती में निर्धारित हाईट में छूट दिलाने का झांसा देकर 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने करीब दो साल बाद अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया निर्मला साहू ने 21 जुलाई 2024 को थाना कवर्धा में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी चंदन टोप्पो ने फरवरी 2024 में पुलिस भर्ती में हाईट की छूट दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन और नगद माध्यम से कुल 30 हजार रुपये लिए थे, लेकिन कोई छूट नहीं दिलाई।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2024, धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। लगातार तलाश के बाद आरोपी चंदन टोप्पो (37 वर्ष), निवासी अंबिकापुर को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और प्रार्थिया के बैंक खाते में 30 हजार रुपये के साथ अतिरिक्त 5,700 रुपये की राशि वापस करना बताया। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि पुलिस भर्ती या किसी भी सरकारी नौकरी में चयन, शारीरिक मापदंडों में छूट अथवा नियुक्ति दिलाने के नाम पर किसी को पैसे न दें। ऐसे झांसे में आने से बचें और धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस से शिकायत करें।

रोजनामचा न्यूज़ | सिर्फ सच और कुछ नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *