
कवर्धा। कबीरधाम जिले के पिपरिया में पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते से विभिन्न राज्यों के 14 साइबर फ्रॉड मामलों से संबंधित कुल 6,64,322 रुपये का लेनदेन होना पाया गया है।
पुलिस के अनुसार, समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी शिव प्रकाश चंद्रवंशी के बैंक खाते की जांच की गई। थाना पिपरिया और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने दोस्त से 10 हजार रुपये लेकर अपना बैंक खाता उपयोग के लिए दिया था। इसी खाते के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया गया।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 389/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 318(2) में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया निरीक्षक नितिन कुमार तिवारी, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, उपनिरीक्षक चंद्रकांत तिवारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या पैसों के लालच में किसी को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी न दें। ऐसा करना साइबर अपराध में कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है।
रोजनामचा न्यूज़ | सिर्फ सच और कुछ नहीं