साइबर जागृति अभियान: 10 किमी साइकिल रैली निकालकर विद्यार्थियों को दिया डिजिटल सुरक्षा का संदेशपर्वतारोही समीरा खान ने बच्चों को बताया—बड़े सपने देखें और मेहनत से उन्हें साकार करें, SDOP प्रशांत देवांगन ने समझाए साइबर सुरक्षा के उपाय


कवर्धा:-सत्येंद्र बड्डघरे:: कबीरधाम पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार को जिले में विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान करीब 10 किलोमीटर की साइकिल रैली निकालकर लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश दिया गया।
थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के गुरुकुल पब्लिक स्कूल, अशोका पब्लिक स्कूल, श्रीरामकृष्ण पब्लिक स्कूल और दुर्गावती चौक स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, स्वतंत्र पर्वतारोही एवं लंबी दूरी की साइकिल चालक समीरा खान तथा साइबर पुलिस टीम मौजूद रही।
स्मार्टफोन और सोशल मीडिया की सुरक्षा के बताए तरीके
SDOP प्रशांत देवांगन ने विद्यार्थियों को स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध वेबसाइट से बचने की सलाह दी।
विद्यार्थियों को अज्ञात एप्लीकेशन डाउनलोड नहीं करने तथा पासवर्ड, OTP, बैंकिंग डिटेल और निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।
साइबर पुलिस टीम के सहायक उपनिरीक्षक संजीव तिवारी एवं टीम ने ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया अपराध और संदिग्ध एप्लीकेशन से जुड़े साइबर खतरों के बारे में जानकारी दी। साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की समझाइश भी दी गई।
11 पहाड़ चढ़ीं समीरा खान ने बच्चों को दिया प्रेरणा का संदेश
कार्यक्रम में पर्वतारोही समीरा खान ने विद्यार्थियों से अपने संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि जीवन में बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर की रहने वाली समीरा खान अब तक 11 पहाड़ों की चढ़ाई कर चुकी हैं और 7 चोटियों पर तिरंगा फहरा चुकी हैं। उनकी उपलब्धियों में नेपाल की करीब 6,859 मीटर ऊंची अमा दबलम चोटी भी शामिल है। इसके अलावा वह साइकिल से दुनिया के 37 देशों की यात्रा कर चुकी हैं।
मिशन माउंट एवरेस्ट के साथ साइबर जागरूकता का संदेश
समीरा खान वर्तमान में ‘मिशन माउंट एवरेस्ट’ के लक्ष्य के साथ भारत में सोलो साइकिल यात्रा कर रही हैं। यात्रा के दौरान वह ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लड़कियों के सशक्तिकरण, दहेज प्रथा, उत्पीड़न, असमानता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ जागरूकता फैला रही हैं।
इसी क्रम में उन्होंने कबीरधाम पुलिस के साइबर जागृति अभियान से जुड़कर विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए।
साइकिल रैली से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
SDOP प्रशांत देवांगन, पर्वतारोही समीरा खान और साइबर पुलिस टीम ने साइकिल रैली के माध्यम से आम नागरिकों को साइबर जागृति अभियान से जुड़ने और डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कबीरधाम पुलिस ने बताया कि साइबर जागृति अभियान आगे भी जिले के स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *