यातायात नियमो की अनदेखी करने पर सख्ती जारी, विगत 08 माह में 1,18,627 वाहन चालकों पर कार्यवाही की गयी।

दुर्ग::अंकिता:-यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा *पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग* के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में वर्ष 2026 के विगत 08 माह में कुल 1,18,627 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है। यातायात पुलिस द्वारा की जा रही कार्यवाही का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन एवं जागरूकता की भावना विकसित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

वर्ष 2025 में कुल 1,17,936 तथा वर्ष 2024 में 60,215 वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्यवाही की गई थी।

  वर्ष 2026 में अब तक की गई कार्यवाही में सबसे अधिक बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 67,869 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई है। इसके अलावा नो पार्किंग में 9,640, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 5,783 तथा दो पहिया वाहन में तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 5,634 वाहन चालकों पर कार्यवाही की गई है।

यातायात पुलिस द्वारा शहर एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित चेकिंग, विशेष अभियान, ई-चालान, मोबाइल कैमरा एवं अन्य तकनीकी माध्यमों से यातायात नियमों की निगरानी की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए लगातार समझाइश एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

अपील :- यातायात पुलिस दुर्ग की अपील है कि वाहन चालक सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं तथा नो पार्किंग सहित अन्य यातायात नियमों का पालन करें, यातायात नियमों का पालन स्वयं की एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *