शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिल्हाटी में पाँच दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

सत्येन्द्र बडघरे कबीरधाम / लोहारा – कलेक्टर कबीरधाम के निर्देशानुसार और महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में संचालित ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिल्हाटी में आयोजित पाँच दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण का गुरुवार को गरिमामय माहौल में समापन हुआ।

मिली जानकारी अनुसार विकासखंड सहसपुर लोहारा के अंतर्गत आने वाले इस विद्यालय में 20 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में विद्यालय की किशोरी बालिकाओं को मास्टर ट्रेनर द्वारा आत्मरक्षा की व्यावहारिक और प्रभावी तकनीकें सिखाई गईं। इस दौरान बालिकाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने, त्वरित निर्णय लेने, मानसिक रूप से मजबूत रहने और पूरी दृढ़ता एवं आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना करने के गुर सिखाए गए।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सिल्हाटी के सरपंच अर्जुन साहू, एस.एम.डी.सी. सदस्या श्रीमती उषा देवांगन और महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी सुश्री रीना ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

सम्मान समारोह: प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली सभी बालिकाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। वहीं, मास्टर ट्रेनर दीपेश्वरी विश्वकर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

साथ ही उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों को हरित जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु पौधे भेंट किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए ग्राम पंचायत सिल्हाटी के सरपंच अर्जुन साहू ने कहा कि आज के दौर में बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी एक सशक्त पहचान स्थापित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता और साहस का संचार करते हैं।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यालय परिसर में सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्राओं ने सामूहिक रूप से ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ की शपथ ली। इसके पश्चात प्रांगण में पौधारोपण किया गया, जहाँ सभी ने महिला सुरक्षा, सम्मान व आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *