भोरमदेव पदयात्रा मार्ग को संवारने में जुटा जिला प्रशासन, पीडब्ल्यूडी ने शुरू किए व्यापक सुधार कार्य, वाहनों के लिये वैकल्पिक मार्ग हो रहा तैयार

कवर्धा, 25 जुलाई 2026/ सावन के प्रथम सोमवार 03 अगस्त को कवर्धा के बूढ़ा महादेव मंदिर से भोरमदेव मंदिर तक आयोजित होने वाली ऐतिहासिक पदयात्रा की तैयारियां व्यापक पर जारी हैं। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देशानुसार और कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग द्वारा संपूर्ण पदयात्रा मार्ग की साफ-सफाई, मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, ताकि हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित मार्ग उपलब्ध कराया जा सके।

लोक निर्माण विभाग द्वारा पदयात्रा मार्ग पर सड़क के दोनों किनारों (शोल्डर) में रेन कट तैयार किए जा रहे हैं, जिससे वर्षा का पानी सड़क पर जमा न होकर आसानी से निकल सके। इसके साथ ही मार्ग में लगाए गए संकेतक (साइनेज) बोर्डों की साफ-सफाई और आवश्यक सुधार का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जिससे पदयात्रियों को दिशा संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से मिल सके। समनापुर सकरी पुल पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पुल पर पानी का जमाव न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री रंजीत घाटगे ने बताया कि पदयात्रा प्रारंभ होने से पहले मार्ग पर मौजूद सभी गड्ढों (पॉटहोल्स) को भरने का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों के माध्यम से तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे 03 अगस्त को निकलने वाली ऐतिहासिक पदयात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी किया जा रहा तैयार
पदयात्रा के दौरान वाहनों के सुगम एवं निर्बाध आवागमन के लिए लालपुर–सरोधा–भोरमदेव वैकल्पिक मार्ग को भी दुरुस्त किया जा रहा है। इस मार्ग के शोल्डर (पटरी) पर गिट्टी बिछाने का कार्य तेज गति से जारी है। वर्तमान में लालपुर से खैरबाना के बीच लगभग 4 किलोमीटर मार्ग पर गिट्टीकरण का कार्य पूरा किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बताया कि पदयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व पूरे वैकल्पिक मार्ग पर गिट्टी बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जिससे यात्रा के दौरान वाहनों का संचालन सुरक्षित एवं सुचारु रूप से हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *