
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप और कोक-कोयला चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने 16वीं गिरफ्तारी करते हुए एक लोडर ऑपरेटर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमंत देवांगन, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम मोखा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह द्वारा योजनाबद्ध तरीके से लौह स्क्रैप और कोक-कोयले को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर हाईवा वाहनों के जरिए भिलाई इस्पात संयंत्र से बाहर भेजा जाता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले 4 से 5 महीने से गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस पूरे खेल में शामिल था। वह हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में काम करता था और रात के समय चोरी की सामग्री को फ्लू डस्ट के साथ लोड कर उसे बाहर भेजने में मदद करता था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह के खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स और एचआईए हथखोज, भिलाई स्थित प्लॉट नंबर 18 में कार्रवाई की थी। यहां विभिन्न हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली थी। इसके अलावा बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप भी बरामद किया गया था।
पुलिस ने अब तक करीब 90 लाख रुपये कीमत का लौह स्क्रैप बरामद किया है। वहीं वाहनों और मशीनरी समेत कुल करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।
इस पूरे मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का तरीका यह था कि फ्लू डस्ट के नीचे लौह स्क्रैप और कोक-कोयला छिपाकर हाईवा वाहनों से बाहर भेजा जाता था और बाद में इसे अवैध रूप से जमा कर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोडर क्रमांक CG 07 CE 0249 भी जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना पुरानी भिलाई पुलिस की विवेचना टीम और प्रकरण में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।