

दुर्ग । दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती की मौत के मामले में गंभीर आरोप सामने आए हैं। युवती ने मौत से पहले छत्तीसगढ़ी में सुसाइड नोट लिखा, जिसमें एक युवक पर मानसिक प्रताड़ना, शारीरिक संबंध बनाने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, युवक पिछले करीब दो महीने से युवती को परेशान कर शादी के लिए दबाव बना रहा था। घटना के दिन युवती घर में अकेली थी। ड्यूटी से लौटे भाई ने दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी की मदद से अंदर जाकर देखा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर सुसाइड नोट, मोबाइल मैसेज और तस्वीरों की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों के आधार पर की जाएगी।