
कवर्धा के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम, 500 से अधिक खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन
कवर्धा। दुर्ग के खालसा पब्लिक स्कूल, मालवीय चौक के पास 23 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग फेडरेशन कप एवं वेस्टर्न इंडिया पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में कबीरधाम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से 500 से 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
इस प्रतियोगिता में कबीरधाम के सूरज राजपूत ने राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग फेडरेशन कप के 105 किलोग्राम वर्ग में कुल 595 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया। वहीं वेस्टर्न इंडिया पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के 53 किलोग्राम सब-जूनियर वर्ग में हर्ष गुप्ता ने 335 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग महासचिव श्री कृष्णा साहू, श्री नशकर टंडन एवं आसिफ अली खान के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ललित चंद्राकर उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि दोनों खिलाड़ी भारत हेल्थ क्लब जिम में प्रशिक्षण लेते हैं। खास बात यह है कि सूरज राजपूत के मार्गदर्शन में यहां पावरलिफ्टिंग, बॉडीबिल्डिंग और वेटलिफ्टिंग के 150 से 200 खिलाड़ी निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। सूरज राजपूत इससे पहले भी बॉडीबिल्डिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ा चुके हैं।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर भरत सिंह ठाकुर, पार्षद अजय सिंह ठाकुर, मीडिया प्रभारी सतीश तंबोली एवं ईशा गौतम ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दोनों खिलाड़ियों की सफलता से कबीरधाम जिले के खेल जगत में हर्ष का माहौल है।