

अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर हादसा, दसईं करमा देखने जा रहे थे दोनों भाई; वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
सरगुजा । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई बाइक से दसईं करमा देखने के लिए निकले थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-130 पर अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में साल्ही मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
दसईं करमा देखने जा रहे थे दोनों भाई
जानकारी के मुताबिक, उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घाटबर्रा निवासी मन्ना राम मझवार (21) और धन्ना राम मझवार (22) सगे भाई थे। दोनों गुरुवार रात बाइक से डांडगांव में दसईं करमा देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब 8 से 9 बजे के बीच साल्ही मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौत, अस्पताल पहुंचाए गए शव
हादसे में दोनों भाइयों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दोनों की मौत की पुष्टि के बाद शवों को उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। शुक्रवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के कारण वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस नेशनल हाईवे पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन का पता लगाया जा सके।