कबीरधाम में 407 किलो गांजा जब्त, कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपाकर कर रहे थे तस्करी; यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के बड़े प्रयास को विफल करते हुए 407 किलो 330 ग्राम गांजा के साथ उत्तरप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत ₹2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल ₹2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को थाना चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लेकर दो व्यक्ति रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते मध्यप्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने एनएच-30 पर थाना चिल्फी के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

इस दौरान संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गोपनीय चेंबर से खाकी टेप में लिपटे 192 पैकेट गांजा बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा पाया गया।

उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे गांजा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से कंटेनर लेकर निकले थे। 21 नवंबर को उड़ीसा के सुनकीघाटी में ट्रक के गोपनीय चेंबर में गांजा भरकर दिया गया था। इसके बाद वे इसे उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ ले जा रहे थे।

उत्तरप्रदेश के दो आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू यादव (27 वर्ष) और विकास यादव (26 वर्ष), दोनों निवासी जिला अलीगढ़, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 23 नवंबर को गिरफ्तार किया।

₹2.29 करोड़ से अधिक का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 407 किलो 330 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,03,66,500 है, 26 लाख रुपये का कंटेनर ट्रक और 10 हजार रुपये का मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत ₹2,29,76,500 बताई गई है।

थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 24 नवंबर को विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस गांजा सप्लाई करने वाले अन्य लोगों और तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में एसपी जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित कुमार पटेल एवं एसडीओपी प्रशांत देवांगन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बीरेंद्र वर्मा, एएनटीएफ प्रभारी महेश प्रधान सहित चिल्फी पुलिस और एएनटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *