जामुल पेट्रोल पंप पर ट्रक साइड लगाने को लेकर विवाद, चालक ने धारदार हथियार से किया हमला; आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र के राहुल पेट्रोल पंप में ट्रक साइड लगाने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान ट्रक चालक ने धारदार हथियार से एक युवक के सिर पर हमला कर दिया। घटना की शिकायत पर जामुल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे धनंजय शर्मा निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई, ट्रक में डीजल डलवाने के लिए राहुल पेट्रोल पंप जामुल पहुंचा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप पर पहले से खड़े ट्रक क्रमांक CG-04-QB-1851 को साइड लगाने की बात को लेकर उसके पक्ष के चालक नितीश कुमार और ट्रक चालक-हेल्पर के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान पहले गाली-गलौज और हाथ-मुक्का से मारपीट की गई। इसके बाद ट्रक चालक ने जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से नितीश कुमार के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे चोट आई।

घटना की सूचना मिलने के बाद जामुल पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर 22 सितंबर को आरोपी लखविंदर सिंग उर्फ पिन्टु (48 वर्ष), निवासी EWS-410 हाउसिंग बोर्ड भिलाई को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का एक धारदार हथियार बरामद किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, मामले में एक अन्य आरोपी जसनदीप सिंग फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।

आरोपी

लखविंदर सिंग उर्फ पिन्टु, उम्र 48 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई

जप्त सामग्री

लोहे का 01 धारदार हथियार

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और किसी भी मारपीट या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *