

दुर्ग ।अंकिता । दुर्ग में यातायात पुलिस ने शासकीय स्कूल कैंप-01 में साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा, बालिका सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय साइकिलिस्ट संतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों से अपने साइकिल यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2001 से शुरू की गई उनकी यात्रा का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बच्चों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल ने साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ओटीपी या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की समझाइश दी। उन्होंने बालिकाओं को भी अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सत्या देवी जायसवाल, स्कूल के प्राचार्य और शिक्षकगण सहित करीब 250 छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

