
भिलाई। सुपेला थाना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए फरीद नगर स्थित लाल मैदान की झाड़ियों के पास एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 96 पाव देशी मसाला शराब और बिक्री की नगदी रकम बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹10,080 बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल मैदान के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रमेश ध्रुव (34 वर्ष), निवासी डेरा बस्ती, फरीद नगर, सुपेला के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद रंग की बोरी से 96 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाव 180 एमएल का है और कुल मात्रा 17.280 बल्क लीटर बताई गई है। शराब की अनुमानित कीमत ₹9,600 है। इसके अलावा शराब बिक्री की नगदी रकम ₹480 भी पुलिस ने जब्त की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1215/2026, धारा 34(2) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी एस.एन. सिंह के नेतृत्व में सउनि अजय शंकर अविनासी, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह तथा आरक्षक गंभीर जाट और सुरेन्द्र पटेल की टीम ने की।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।