हरेली रैली में मारपीट धारदार हथियार लहराकर धमकाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार


दुर्ग। हरेली रैली देखने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट करने और धारदार हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में जामुल पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार लोहे का हथियार और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 22 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे शंकर नगर के पास, छावनी क्षेत्र में हुई। प्रार्थी साहिल साहू अपने दोस्तों शुभम पाठक, वासु निषाद और तनु निषाद के साथ हरेली रैली देखने पहुंचा था। इसी दौरान श्रमिक नगर निवासी रितेश कश्यप, राहुल, समीर और अन्य लोगों द्वारा शुभम के साथ मारपीट की जा रही थी।
साहिल साहू ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान रितेश कश्यप ने धारदार हथियार लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी और साहिल के साथ मारपीट कर उसे चोट पहुंचाई। प्रार्थी की मां और बहन ने भी बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
घटना की शिकायत पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 599/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर घेराबंदी और पतासाजी करते हुए रितेश कश्यप (20), समीर खान (23) और राहुल बेहरा (24) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक धारदार लोहे का हथियार और एक लकड़ी का डंडा बरामद किया गया। तीनों को 23 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने रैली देखने पहुंचे लोगों से विवाद के बाद मारपीट की और बीच-बचाव करने वालों से भी गाली-गलौज व मारपीट की। इसके बाद धारदार हथियार लहराकर भय का माहौल बनाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक आयोजनों और रैलियों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी विवाद, मारपीट या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने, हथियारों का प्रदर्शन करने या लोगों को भयभीत करने वालों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *