महर्षि कश्यप की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों के लिए बनेगी प्रेरणा का केंद्र: विजय शर्मा

कवर्धा। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मंगलवार को शहर के हटरी पारा में ₹9 लाख 75 हजार की लागत से निर्मित महर्षि कश्यप चौक का लोकार्पण किया और महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया।

विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मरण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा देने का केंद्र होती हैं। युवाओं को महापुरुषों के जीवन चरित्र का अध्ययन कर उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। हनुमंत वाटिका, चौपाटी, शिव वाटिका, बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार और विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए कार्य किए जा रहे हैं। वहीं भोरमदेव मंदिर में ₹146 करोड़ की लागत से कॉरिडोर निर्माण कार्य जारी है।

विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा में रायपुर और बिलासपुर मार्ग पर लगभग ₹56 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण शुरू हो चुका है। इसके अलावा नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए भी सड़क निर्माण कराया गया है।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने महर्षि कश्यप की प्रतिमा स्थापना को समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बताया। वहीं कसौधन गुप्ता समाज के प्रांतीय अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने महर्षि कश्यप जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग रखी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, प्रभात गुप्ता, आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद मनोज गुप्ता, विजय लक्ष्मी तिवारी, नम्रता मोदी, दौवा गुप्ता सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *