सोलर प्लांट में फायरिंग, काम बंद कराने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल बरामद

दुर्ग । दुर्ग जिले के जामगांव आर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है।
गुढियारी गांव स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर काम बंद कराने की धमकी देकर पिस्टल से फायरिंग करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को सोलर प्लांट में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपी अविचल अग्रवाल अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन से मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों को काम बंद करने की धमकी दी।

इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। साथ ही जमीन मालिक को भी धमकी देने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया।

फायरिंग की सूचना मिलते ही जामगांव आर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने सूचना तंत्र और विवेचना के आधार पर आरोपी की पहचान की और देर रात घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है। आरोपी अविचल अग्रवाल, 52 वर्ष, रायपुर के टैगोर नगर का निवासी बताया गया है।

आरोपी को 17 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है। मामले में आगे की पूछताछ और विवेचना जारी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज किया है। बरामद पिस्टल को लेकर भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी पाटन, क्राइम ब्रांच दुर्ग, थाना प्रभारी जामगांव आर और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *