
दुर्ग। जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में चल रही शिवमहापुराण कथा के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं को साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ विशेष साइबर जागृति अभियान से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने श्रद्धालुओं से कहा कि OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। संदिग्ध कॉल, मैसेज और लिंक से भी सावधान रहें।
अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए श्रद्धालुओं से QR Code स्कैन कर अभियान से जुड़ने और अभियान कटआउट के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया एवं WhatsApp Status पर साझा करने की अपील की गई।
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर ठगी और डिजिटल अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक, सोशल मीडिया संपर्क और फर्जी निवेश जैसे तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध संपर्क पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी सत्यता की जांच करने की अपील की गई है।
दुर्ग पुलिस की अपील:
डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतें। OTP, PIN, पासवर्ड और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान कॉल पर भरोसा न करें।
साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
“आपकी एक छोटी पहल, किसी बड़े साइबर अपराध को रोक सकती है।”
