बिलासपुर में युवक की निर्मम हत्या, सड़क पर खून से लथपथ मिला शव, इलाके में फैली सनसनी



बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नया पारा स्थित गणेश नगर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का खून से लथपथ शव सड़क के बीचोंबीच पड़ा मिला। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान गणेश नगर निवासी 26 वर्षीय इरफान बघीरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह मोहल्ले के लोग जब अपने घरों से बाहर निकले तो उन्होंने सड़क पर युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
जांच के दौरान पुलिस को शव के पास खून से सने दो बड़े कंक्रीट ब्लॉक मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने इन्हीं भारी ब्लॉकों से युवक पर जानलेवा हमला किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के शरीर, विशेषकर कमर और निचले हिस्से में गंभीर चोटें आई थीं, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस का मानना है कि वारदात देर रात अंजाम दी गई है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं, हत्या के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *