
नई दिल्ली। NEET परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्र सरकार ने Telegram पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। यह निर्णय राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। सरकार का कहना है कि पिछले दिनों Telegram के कई ग्रुपों पर NEET पेपर लीक से जुड़े संदेश और भ्रामक सामग्री साझा किए जाने के आरोप सामने आए थे।
सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत जारी आदेश के अनुसार, भारत में Telegram प्लेटफॉर्म की पहुंच एक निर्धारित और सीमित अवधि के लिए प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध 22 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा। सरकार का मानना है कि इस कदम से परीक्षा प्रक्रिया की सुरक्षा और विश्वसनीयता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा Telegram को भारत में पहले से पोस्ट किए गए संदेशों पर एडिट (Edit) करने की सुविधा भी अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। यह व्यवस्था 30 जून 2026 तक लागू रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, कुछ मामलों में परीक्षा के बाद संदेशों को संपादित कर फर्जी “पेपर लीक” के सबूत तैयार किए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिसके मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।
गौरतलब है कि NEET परीक्षा दोबारा आयोजित की जानी है, जिसके लिए 21 जून 2026 की तारीख तय की गई है। सरकार का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत जानकारी को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।


