
दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुम्हारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गांजा और नगद रकम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.700 किलोग्राम गांजा और 12,500 रुपये नगद जब्त किए हैं, जिसकी कुल कीमत करीब 97,500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुम्हारी क्षेत्र के गौठान के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से गांजा और बिक्री की नगद रकम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बीर देवार (21 वर्ष), निवासी देवार मोहल्ला, कुम्हारी, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध मादक पदार्थ की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से यह कार्य कर रहा था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।