कानून सबके लिए समान: बिना हेलमेट चलाने पर 24 पुलिसकर्मियों के कटे चालान


दुर्ग। सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई करते हुए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 24 कर्मियों के चालान काटे गए हैं।
जानकारी के अनुसार, जांच में पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी या निजी कार्य के दौरान बिना हेलमेट वाहन चला रहे थे। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। सभी 24 पुलिसकर्मियों को भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी गई है।
यातायात पुलिस द्वारा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। कैमरों के माध्यम से ई-चालान जारी कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन न करे।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के पालन में किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी और कानून सभी पर समान रूप से लागू होगा। साथ ही, सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया है कि वे खुद नियमों का पालन कर आम नागरिकों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और विभाग के कर्मचारियों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित वातावरण बनाने में सहयोग करें।
“सुरक्षा ही प्राथमिकता है — हेलमेट जरूर पहनें”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *