भीषण गर्मी में ट्रैफिक जवानों को राहत: दुर्ग पुलिस ने बांटे गमछा और पानी की बोतल



दुर्ग। जिले में बढ़ती गर्मी और तेज धूप को देखते हुए दुर्ग पुलिस ने यातायात जवानों के लिए राहत पहल की है। सड़कों पर लगातार ड्यूटी कर रहे जवानों को धूप से बचाव के लिए सफेद गमछा और ठंडा पानी रखने हेतु पानी की बोतल वितरित की गई।
10 अप्रैल 2026 को यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा यह वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। तेज गर्मी और लू के बीच काम कर रहे जवानों की सेहत को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया, ताकि वे सुरक्षित और बेहतर तरीके से अपनी ड्यूटी निभा सकें।
इस दौरान जवानों को निर्देश दिए गए कि वे ड्यूटी के दौरान नियमित रूप से पानी पीते रहें, स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और अस्वस्थ महसूस होने पर तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दें।


पुलिस ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य न केवल जवानों को गर्मी से राहत देना है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता बनाए रखना भी है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि गर्मी के मौसम में अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *