
दुर्ग। छावनी थाना पुलिस ने पावर हाउस बस स्टैंड क्षेत्र में ट्रक से मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन और एक धारदार हथियार बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 जून 2025 की रात की है। ट्रक चालक दुलार सिंह ठाकुर पावर हाउस बस स्टैंड के पास ट्रक खड़ा कर पानी लेने गया था। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने ट्रक में रखे विवो कंपनी के मोबाइल फोन की चोरी कर ली। जब चालक ने विरोध किया तो आरोपियों ने धारदार हथियार और डंडे से डराकर मौके से फरार हो गए।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया और उनके पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक एस. जोसफ शामिल है, जबकि दूसरा विधि से संघर्षरत बालक है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।