
दुर्ग। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 48 लाख से अधिक की ऑनलाइन ठगी के मामले में साइबर थाना दुर्ग को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण में शामिल एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो शिर्डी क्षेत्र में ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर ठगी की रकम मंगवा रहा था।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने 09 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश से जुड़े एक लिंक पर क्लिक करने के बाद उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 48,67,500 रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 08/2025 धारा 318(4), 336, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने पूर्व में आंध्रप्रदेश के अनकापल्ली जिले से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आगे की विवेचना में सामने आया कि ठगी की राशि अहमदनगर जिला सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में संचालित एक ट्रस्ट के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी।
जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी ने शिर्डी क्षेत्र में ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खुलवाकर उसमें ठगी की रकम जमा कराई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोहर लक्ष्मण मोरे (46 वर्ष), निवासी संगनमेयर, जिला अहमदनगर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जप्त किए गए हैं। उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में साइबर थाना दुर्ग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी तकनीकी जांच और सतत प्रयास से मामले का खुलासा संभव हो सका।