लोहे के हथौड़े से पशु की हत्या, छावनी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


दुर्ग। थाना छावनी क्षेत्र में पशु क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने घरेलू पशु के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए लोहे के हथौड़े से हमला कर उसकी जान ले ली। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 फरवरी 2026 को थाना छावनी पुलिस को सूचना मिली कि जलेबी चौक के पास सुंदर नगर नाला के समीप एक व्यक्ति द्वारा घरेलू पशु पर लोहे के हथौड़े से प्रहार किया गया है, जिससे पशु की मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 81/2026 के तहत धारा 325(3) बीएनएस एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी की पहचान बाबूराव उर्फ पण्डू (55 वर्ष), निवासी थाना छावनी क्षेत्र, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस ने 06 फरवरी 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
घटना में प्रयुक्त एक लोहे का हथौड़ा पुलिस द्वारा जप्त किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना छावनी प्रभारी एवं विवेचना टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *